22 C
Lucknow
Monday, February 2, 2026

गंगा के दोनों किनारों पर तटबंध निर्माण की मांग तेज, डीएम कार्यालय पर सौंपा गया ज्ञापन, 11 फरवरी से विशाल पदयात्रा की चेतावनी

Must read

फर्रुखाबाद: जनपद में गंगा नदी (The River Ganges) से होने वाले कटान और बाढ़ की भयावह समस्या को लेकर आज तटबंध (embankment) बनाओ जन संघर्ष समिति के बैनर तले जोरदार आवाज उठाई गई। समिति के अध्यक्ष भईयन मिश्रा के नेतृत्व में जनपद की सीमा से जनपद की सीमा तक गंगा जी के दोनों किनारों पर तटबंध निर्माण कराए जाने तथा कटरी धर्मपुर, कटरी भीमपुर एवं उनके मजरों में मां गंगा द्वारा लगातार किए जा रहे कटान को रोकने की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी गई कि यदि तटबंध निर्माण एवं कटान रोकने के कार्य को शीघ्र प्रारंभ नहीं किया गया, तो आगामी 11 फरवरी से कढ़हर से अटेना घाट तक विशाल पदयात्रा प्रारंभ की जाएगी। यह पदयात्रा गंगा तट पर बसे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पीड़ा को उजागर करने के लिए आयोजित की जाएगी।
इस मौके पर समिति अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि पिछले कई महीनों से क्षेत्र की जनता लगातार तटबंध निर्माण की मांग कर रही है।

इसके बावजूद पूर्व में हुए धरना-प्रदर्शन और ज्ञापनों के बाद भी अब तक किसी प्रकार की ठोस पहल न होना यह दर्शाता है कि स्थानीय जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लाखों जनता हर वर्ष बाढ़ की विभीषिका झेलने को मजबूर है, लेकिन प्रशासन इस गंभीर समस्या को न तो समझ रहा है और न ही समाधान की दिशा में कोई कदम उठा रहा है। अब जनता आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार है और तटबंध बनवाकर ही दम लेगी।

राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे उर्फ अंगद ने कहा कि जहां लाखों लोग प्रतिवर्ष बाढ़ से प्रभावित होते हों, वहां के जनप्रतिनिधियों का इतनी लापरवाही बरतना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। जनता के दुख-दर्द से दूरी बनाकर बैठना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। वहीं अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष धीरज पांडे ने तटबंध निर्माण के लिए प्रस्तावित पदयात्रा को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि यह एक जनहित की लड़ाई है, जिसमें संगठन हर स्तर पर साथ खड़ा रहेगा और किसी भी संघर्ष से पीछे नहीं हटेगा।

संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व नगर पालिका सदस्य श्याम सुंदर लाला ने कहा कि पूरे जिले में बाढ़ से कोई न कोई रूप में हर व्यक्ति प्रभावित होता है, इसके बावजूद रोकथाम के लिए कोई स्थायी व्यवस्था न किया जाना बेहद चिंताजनक है। हर वर्ष आने वाली बाढ़ अपने साथ भारी तबाही लेकर आती है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रमुख रूप से पंकज राठौर, शान अली, महेंद्र सिंह यादव (पूर्व जिला पंचायत सदस्य), अवनीश यादव, विष्णु मिश्रा (जिला अध्यक्ष, राष्ट्रीय बजरंग दल), आयुष सक्सेना एडवोकेट, प्रशांत मिश्रा एडवोकेट, धर्मवीर राजपूत (पूर्व प्रधान), शिवदेव सिंह एडवोकेट, आसिफ जमा खान एडवोकेट, आदिल खान, अतीक खान, शिवम वर्मा, राजीव वर्मा, चंद्रशेखर, मनीष यादव, राजीव सिंह, सुबोध सिंह, रामसेवक, शाहन अली, अवधेश सिंह, कदीलाल, ऋषिपाल, शाहिद सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article