फर्रुखाबाद। एक गरीब एवं विधवा महिला ने दबंगों द्वारा उसकी कृषि भूमि पर जबरन कब्जा कर निर्माण कराए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर अवैध निर्माण रुकवाने और कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार अनुसूचित जाति जाटव समाज से संबंधित पीड़िता सरिता देवी पत्नी संतराम ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी कृषि भूमि ग्राम कटरी सोताबहादुरपुर, परगना पहाड़ा, तहसील सदर में स्थित है। आरोप है कि गांव के ही दबंग साहब सिंह द्वारा उसकी भूमि पर जबरन निर्माण कराया जा रहा है।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने इस अवैध निर्माण का विरोध किया तो दबंगों ने उसे डराया-धमकाया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। भय और दबाव के चलते वह अपने हक की जमीन बचाने में असहाय महसूस कर रही है। सरिता देवी ने बताया कि यदि दबंग इस कृषि भूमि पर कब्जा करने में सफल हो गए तो उसे अपूरणीय क्षति होगी और उसके तथा उसके बाल-बच्चों के पालन-पोषण का एकमात्र साधन भी छिन जाएगा।
पीड़िता ने अपने शिकायती पत्र में प्रशासन से मांग की है कि दबंगों द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण को तत्काल रोका जाए तथा उसकी कृषि भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाए। साथ ही उसे और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए, जिससे वह बिना किसी भय के जीवन यापन कर सके।




