शमशाबाद, फर्रुखाबाद: नगर क्षेत्र में साइबर अपराध (Cyber crimes) का एक और मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन ठगों (online swindlers) ने एक युवक के बैंक खाते से 99 हजार रुपये पार कर दिए। मोबाइल पर निकासी का संदेश मिलते ही युवक के पैरों तले जमीन खिसक गई। घबराए युवक ने तत्काल बैंक पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और बाद में थाना पुलिस से भी कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद नगर के मोहल्ला दरूद गिराह निवासी साजेंब मोहम्मद का खाता नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) शाखा में है। बताया गया है कि युवक के मोबाइल पर अचानक एक मैसेज प्राप्त हुआ, जिसमें उसके खाते से 99,000 रुपये निकाले जाने की सूचना थी। इतना बड़ा लेन-देन देख युवक घबरा गया और तुरंत पीएनबी शाखा शमशाबाद पहुंच गया।
पीड़ित ने शाखा प्रबंधक को लिखित शिकायत देकर खाते की जांच कराने की मांग की। बैंक स्तर पर की गई प्रारंभिक जांच में खाते से धनराशि निकलने की पुष्टि हुई। इसके बाद युवक ने अज्ञात साइबर ठगों के विरुद्ध शमशाबाद थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि प्रभारी थानाध्यक्ष अनुज कुमार ने बताया कि उनके संज्ञान में अभी तक लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बढ़ रहे साइबर अपराध, सावधानी जरूरी
नगर क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों को लेकर लोगों में चिंता व्याप्त है। आए दिन ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, लिंक या ओटीपी के माध्यम से खातों से धनराशि उड़ाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लेन-देन की स्थिति में तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।


