लखनऊ। अवैध कफ सिरप तस्करी से जुड़े बड़े सिंडिकेट मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के दायरे को आगे बढ़ाते हुए ईडी ने आरोपी विभोर राणा और विशाल राणा के परिजनों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है।
ईडी द्वारा भेजे गए नोटिस के अनुसार, विभोर राणा के परिवार को 5 जनवरी और विशाल राणा के परिवार को 8 जनवरी को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। एजेंसी यह जानने की कोशिश कर रही है कि अवैध कफ सिरप तस्करी से अर्जित धन का इस्तेमाल कहां और किस तरह किया गया, तथा इसमें परिजनों की भूमिका या जानकारी कितनी रही।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी पहले ही विभोर राणा और विशाल राणा से जेल में पूछताछ कर चुकी है। पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिसके आधार पर अब परिजनों से भी सवाल-जवाब किए जाएंगे।
इस पूरे सिंडिकेट का मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है। ईडी और अन्य जांच एजेंसियां उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। माना जा रहा है कि शुभम जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
अधिकारियों के अनुसार, अवैध कफ सिरप तस्करी के जरिए करोड़ों रुपये के लेन-देन की आशंका है, जिसकी मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से गहन जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और नोटिस, कुर्की व गिरफ्तारियां भी संभव मानी जा रही हैं।






