कोडिन कफ सिरप की फर्जी बिक्री पर कार्रवाई, अमीनाबाद के श्री श्याम फार्मा पर मुकदमा दर्ज

0
38

फर्जी बिलों के सहारे हो रही थी नशीली कफ सिरप की आपूर्ति, विशाल चौरसिया के खिलाफ केस दर्ज

लखनऊ। दवाओं की आड़ में नशे का कारोबार करने वालों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम ने कोडिन युक्त कफ सिरप की फर्जी बिक्री के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। अमीनाबाद स्थित श्री श्याम फार्मा पर फर्जी बिल बनाकर मेडिकल स्टोर्स को आपूर्ति दिखाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, करीब एक सप्ताह पूर्व FSDA की टीम ने अमीनाबाद स्थित श्री श्याम फार्मा पर छापा मारा था। जांच के दौरान पता चला कि संचालक विशाल चौरसिया द्वारा फर्जी बिल तैयार कर आसपास के मेडिकल स्टोर्स को कोडिन युक्त कफ सिरप की अवैध सप्लाई दिखाई जा रही थी। जबकि हकीकत में यह दवाएं बिना वैध बिल के अन्य माध्यमों से बेची जा रही थीं।
अधिकारियों ने बताया कि कोडिन सिरप एक नियंत्रित दवा श्रेणी में आती है, जिसका उपयोग चिकित्सकीय परामर्श के बिना नहीं किया जा सकता। लेकिन कई जगहों पर इसका दुरुपयोग नशे के रूप में किया जा रहा है। इसी के मद्देनज़र प्रशासन ने औषधि नियंत्रण अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई करते हुए विशाल चौरसिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
FSDA की टीम ने कहा कि ऐसे मामलों पर अब और सख्त निगरानी रखी जाएगी। जांच में शामिल अधिकारियों ने संबंधित मेडिकल स्टोर्स के लाइसेंस की भी समीक्षा शुरू कर दी है, ताकि फर्जी बिलिंग के नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में राजधानी के अन्य थोक दवा विक्रेताओं की भी जांच की जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि नशीली दवाओं का अवैध व्यापार पूरी तरह बंद हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here