फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के गांव खंडोली में शुक्रवार की सुबह एक महिला खाना बनाते समय आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, खंडोली निवासी रेशमी देवी पत्नी श्याम सिंह सुबह अपने घर के चूल्हे पर खाना बना रही थीं, तभी अचानक कपड़ों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और रेशमी देवी बुरी तरह झुलस गईं। परिजनों ने किसी तरह आग बुझाई और तुरंत उन्हें लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद लेकर पहुंचे।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर बताते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।
घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि रेशमी देवी मेहनती और सादा जीवन जीने वाली महिला हैं। हादसे की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।




