26.7 C
Lucknow
Tuesday, April 7, 2026

कुत्ते के साथ क्रूरता, CCTV वीडियो से मचा हड़कंप

Must read

 

लखनऊ
इंदिरानगर इलाके में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक रिटायर्ड फौजी द्वारा एक बेबस कुत्ते को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में लोगों और पशु प्रेमियों के बीच भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

बताया जा रहा है कि घटना 6 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे की है। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि एक कुत्ता सड़क किनारे शांत बैठा हुआ है। तभी एक व्यक्ति हाथ में लाठी लेकर धीरे-धीरे उसके पास पहुंचता है और अचानक उसके सिर पर जोरदार वार कर देता है। पहले ही वार से कुत्ता दर्द से तड़पने लगता है, लेकिन आरोपी यहीं नहीं रुकता और लगातार कई बार उस पर हमला करता है।

महज कुछ सेकंड के भीतर आरोपी द्वारा कुत्ते पर 4 बार हमला किया गया, जिससे उसका सिर गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के दौरान आसपास मौजूद अन्य कुत्ते भौंकते हुए वहां इकट्ठा हो गए, लेकिन आरोपी बेखौफ होकर वार करता रहा। हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान कई राहगीर वहां से गुजरते रहे, लेकिन किसी ने भी हस्तक्षेप करने की कोशिश नहीं की।

घटना की जानकारी मिलते ही आसरा द हेल्पिंग हैंड्स की टीम मौके पर पहुंची और घायल कुत्ते को इलाज के लिए ले जाया गया। संस्था की अध्यक्षा चारु खरे ने बताया कि कुत्ते की हालत गंभीर थी और उसे तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एनजीओ की ओर से इंदिरानगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपी पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी रोष है और वे आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अजय नारायण सिंह के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पशु क्रूरता के ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article