संभल जिले में इन दिनों गैस एजेंसियों पर ग्रामीण उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। सामान्यतः 45 दिन में गैस बुक कराने वाले उपभोक्ता अब 25 दिन में ही बुकिंग करा रहे हैं, जिससे एजेंसियों पर लंबी कतारें लग रही हैं। हालात यह हैं कि कई लोगों को सुबह से शाम तक इंतजार करने के बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे नाराजगी बढ़ रही है।
गुरुवार को जिले की सभी 39 गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध होने के बावजूद, अफवाहों के चलते लोग बड़ी संख्या में एजेंसियों तक पहुंच रहे हैं। पहले जहां होम डिलीवरी की सुविधा से उपभोक्ताओं को राहत मिलती थी, वहीं अब लोग स्वयं एजेंसी पहुंचकर सिलेंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे भीड़ और अव्यवस्था बढ़ गई है।
चंदौसी की ताहिर गैस एजेंसी पर ग्रामीण उपभोक्ताओं की सबसे अधिक भीड़ देखी गई। कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बुकिंग के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा और उनकी गैस किसी अन्य को दे दी जाती है। हालांकि, एजेंसी संचालक मोहम्मद ताहिर ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि गैस की नियमित आपूर्ति हो रही है और वितरण भी सही तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने माना कि ई-केवाईसी और ओटीपी से जुड़ी समस्याएं जरूर सामने आ रही हैं।
वहीं डोडा गैस एजेंसी के स्वामी गौरव डोडा ने बताया कि उनके पास करीब 27,500 ग्राहक हैं, जिनमें से 26,000 सक्रिय हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस की कोई कमी नहीं है और समय पर बुकिंग कराने पर तीन से चार दिन में घर तक सिलेंडर पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अनावश्यक बुकिंग न करें।
इस बीच, चंदौसी के गणेश कॉलोनी निवासी रचित ने शिकायत की कि एजेंसी पर उन्हें सिलेंडर देने से मना किया जा रहा है और बार-बार बाद में आने को कहा जा रहा है। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्भ ने बताया कि जनपद में गैस की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है और प्रतिदिन हजारों सिलेंडरों की डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है।


