नई दिल्ली। राजधानी में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में 10 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो देश के कई शहरों में अवैध हथियारों की सप्लाई करने की तैयारी में थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में विदेशी हथियार बरामद किए गए हैं। इनमें सब-मशीन गन सहित कुल 21 अत्याधुनिक हथियार शामिल हैं, जो चीन, जर्मनी और तुर्किए जैसे देशों में निर्मित बताए जा रहे हैं। इसके अलावा करीब 200 कारतूस भी जब्त किए गए हैं।
क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा है, जो अवैध रूप से हथियारों की तस्करी कर भारत के विभिन्न शहरों में अपराधियों तक पहुंचाने का काम करता था। पुलिस को इनपुट मिला था कि बड़ी खेप की सप्लाई होने वाली है, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
अधिकारियों के मुताबिक, यह हथियार आगामी समय में संगठित अपराध, गैंगवार और अन्य आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाने की आशंका थी। समय रहते की गई इस कार्रवाई से बड़े अपराध को टालने में सफलता मिली है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन हथियारों की सप्लाई किन-किन राज्यों और शहरों में की जानी थी।
दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिसने राजधानी समेत देश के अन्य हिस्सों में संभावित अपराधों को रोकने में अहम भूमिका निभाई है।
दिल्ली क्राइम ब्रांच का बड़ा खुलासा, अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़


