नवाबगंज| नगर के बबना रोड स्थित पीजी कॉलेज के पीछे आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मैदान पर खेल रहे खिलाड़ियों के बीच आपसी विवाद मारपीट में बदल गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार यह फाइनल मुकाबला फर्रुखाबाद और नवाबगंज की टीमों के बीच खेला जा रहा था। मैच के दौरान एक गेंद पर चार रन को लेकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि खिलाड़ी आपस में भिड़ गए और हाथापाई शुरू हो गई। मैदान पर मौजूद दर्शकों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों टीमों के खिलाड़ी एक-दूसरे पर हाथ चलाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान खेल पूरी तरह रुक गया और आयोजन स्थल पर अव्यवस्था का माहौल बन गया। घटना के बाद आयोजकों ने किसी तरह हालात को नियंत्रित किया।
इस संबंध में थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त होती है, तो मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here