– इंडिया-इंग्लैंड मैच पर सट्टा लगवाने वाला गैंग पकड़ा, 5 आरोपी गिरफ्तार
– कार्रवाई में 3 लैपटॉप, 3 टैबलेट और 32 मोबाइल फोन बरामद
नोएडा। पुलिस ने क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगवाने वाले एक गैंग का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे मैच पर सट्टा लगवा रहे थे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय सहगल, नवदीप, राजीव शर्मा, शलील सेठ और देव कुमार के रूप में की है। सभी आरोपियों को थाना सेक्टर-113 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 लैपटॉप, 3 टैबलेट और 32 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल ऑनलाइन सट्टा संचालन के लिए किया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए आरोपी अलग-अलग लोगों से संपर्क कर क्रिकेट मैचों पर दांव लगवा रहे थे।
इस मामले में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग नोएडा में बैठकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच पर अवैध सट्टा चला रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि बरामद उपकरणों की जांच की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि सट्टेबाजी का यह गिरोह कितने समय से सक्रिय था और इसका नेटवर्क किन-किन शहरों तक फैला हुआ है।
नोएडा पुलिस का कहना है कि अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


