रायबरेली जनपद के महराजगंज क्षेत्र में परिषदीय विद्यालयों में 1 अप्रैल से नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत उत्साह और उमंग के साथ हुई। स्कूल पहुंचे बच्चों का शिक्षकों ने रोली-चंदन का टीका लगाकर और फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस खास मौके पर विद्यालयों का माहौल उत्सव जैसा नजर आया और बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
नए सत्र में अगली कक्षा में पहुंचे छात्रों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया। सरकार की इस पहल से अभिभावकों को राहत मिली और बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ा। विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शिक्षा और संसाधन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नारायनपुर मोन और जुगराजपुर में वार्षिकोत्सव एवं परीक्षाफल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों के साथ उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया, जिससे छात्रों का मनोबल बढ़ा।
वहीं, हलोर और मोन स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालयों में भी नए सत्र के अवसर पर विशेष स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधानाध्यापक सुरेश द्विवेदी ने बताया कि “स्कूल चलो अभियान” के तहत शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों को लगातार जागरूक किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक बच्चे शिक्षा से जुड़ सकें।


