संभल
चंदौसी क्षेत्र में अंबेडकर जयंती से पहले डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। थाना कुढ़ फतेहगढ़ क्षेत्र के डारनी गांव में अनुयायियों द्वारा प्रतिमा लगाए जाने के बाद पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला।
जानकारी के अनुसार, गांव में लगभग 300 वर्ग मीटर भूमि पर यह प्रतिमा स्थापित की गई थी। सूचना मिलने पर एसडीएम चंदौसी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार और थाना प्रभारी सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की।
अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच बातचीत के बाद सहमति बनी कि प्रतिमा का अनावरण प्रशासनिक अनुमति मिलने के बाद ही किया जाएगा। फिलहाल प्रतिमा को ढक दिया गया है और मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि जिस भूमि पर प्रतिमा स्थापित की गई है, वह एक समिति के नाम पर दर्ज है और प्रतिमा का ढांचा करीब डेढ़ साल पहले ही तैयार किया गया था। उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई नियमों और अनुमति प्रक्रिया के अनुसार ही की जाएगी।
इस दौरान ग्रामीणों और प्रशासन के बीच नोकझोंक की स्थिति भी बनी। कुछ महिलाओं ने विरोध जताते हुए प्रशासनिक कार्रवाई पर आपत्ति की और माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि बातचीत के बाद स्थिति को शांत करा लिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाएगा और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति नहीं बनने दी जाएगी।


