बरेली
आंवला तहसील क्षेत्र के गोठा खंडुवा गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापित करने के प्रयास को प्रशासन ने रोक दिया। बिना अनुमति चबूतरा बनाकर मूर्ति लगाने की तैयारी की जा रही थी, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य को तुरंत बंद करा दिया।
प्रशासन के अनुसार, गांव की गाटा संख्या 372 की जमीन पिछले लगभग छह वर्षों से अंबेडकर पार्क के रूप में उपयोग की जा रही है। यह भूमि ग्रामीणों के नाम दर्ज है और यहां लोग समय-समय पर सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित करते रहे हैं।
हाल ही में ग्रामीणों ने बाबा साहेब की मूर्ति स्थापित करने के लिए चबूतरा बनाने हेतु खुदाई शुरू कर दी थी। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी नितिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार्य को तत्काल रुकवा दिया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्पष्ट रूप से बताया कि किसी भी सार्वजनिक स्थान पर महापुरुष की मूर्ति स्थापित करने से पहले प्रशासनिक अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति निर्माण कार्य नियमों के खिलाफ माना जाएगा।
पुलिस की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने सहमति जताई और कहा कि 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती मनाने के बाद वे प्रशासन को सूचित कर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करेंगे। इसके बाद ही मूर्ति स्थापना का कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।
विदुषी सिंह ने बताया कि ग्रामीणों को नियमों की पूरी जानकारी दे दी गई है और अब वे कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही आगे का कार्य कर सकेंगे।


