29 C
Lucknow
Sunday, March 22, 2026

संकिसा के विकास के लिए जीवन भर प्रयास करूंगा: विधायक सुशील शाक्य

Must read

फर्रुखाबाद। बौद्ध तीर्थ स्थल संकिसा के विकास को लेकर अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने बड़ा संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब तक जीवित रहेंगे, तब तक संकिसा के विकास के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
नवभारत सभा भवन में तथागत सामाजिक समिति के तत्वावधान में आयोजित शाक्य, मौर्य, कुशवाहा एवं सैनी समाज के सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और संकिसा जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल को भी विशेष पहचान दिलाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने समाज में जागरूकता की कमी पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंच रहा है, लेकिन कई लोग जानकारी के अभाव में इससे वंचित रह जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जागरूक बनें और योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर करें।

अपने संबोधन में विधायक ने भगवान बुद्ध के जीवन और उनके संदेशों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने समाज को समानता और शांति का मार्ग दिखाया। साथ ही सम्राट अशोक और चंद्रगुप्त मौर्य जैसे महान शासकों का जिक्र करते हुए उन्होंने समाज को अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है। जब तक समाज जागरूक नहीं होगा, तब तक उसका समुचित विकास संभव नहीं है।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष शिव कुमार शाक्य, महामंत्री रामवीर शाक्य, रघुवर दयाल, अशोक मौर्य, कैप्टन प्रभात शाक्य, हरिराम शाक्य, अवनीश शाक्य, नागेंद्र शाक्य, भागीरथ मौर्य, नंदराम शाक्य सहित कई लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। सम्मेलन में समाज के लोगों के साथ-साथ पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article