छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता विनोद तिवारी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वह पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए महेवा घाट क्षेत्र के डकशरीरा थाना इलाके में आए हुए थे। इसी दौरान शुक्रवार शाम दिल्ली पुलिस की टीम वहां पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस नेता पर सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप है। इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। हालांकि इस मामले में स्थानीय पुलिस फिलहाल कोई आधिकारिक बयान देने से बच रही है।
बताया जा रहा है कि विनोद तिवारी छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस के सक्रिय और प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं। उनके अचानक गिरफ्तार होने की खबर के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।
परिजनों के अनुसार शनिवार को उन्हें अपने पिता लालता प्रसाद तिवारी के लिए गयाजी जाना था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर उन्हें हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस द्वारा उन्हें आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए अपने साथ ले जाया गया है और मामले की जांच जारी है।


