20.8 C
Lucknow
Saturday, February 28, 2026

धर्मेंद्र की सेहत को लेकर बढ़ी चिंता, परिवार ने घर पर उपचार का फैसला लिया; फिल्म जगत से लगातार आ रही दुआएं

Must read

नई दिल्ली: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र (Dharmendra) इन दिनों स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं और अब उनका इलाज घर पर ही जारी है। परिवार ने यह निर्णय इसलिए लिया ताकि वरिष्ठ अभिनेता अपने अपनों के बीच रह सकें और वातावरण में राहत महसूस कर सकें। हेमा मालिनी ने भी इस बात पर संतोष जताया कि धर्मेंद्र अब अस्पताल (hospital) में नहीं हैं, हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि पूरा परिवार उनकी स्थिति को लेकर बेहद चिंतित है। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र के बच्चे भी चिंता के कारण ठीक से सो नहीं पा रहे हैं। घर पर कलाकारों और करीबी मित्रों का आना-जाना लगा है। डॉक्टरों की टीम भी मंगलवार शाम उनके निवास पर पहुंचती देखी गई। बुधवार को उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी दी गई।

सलमान खान ने भी धर्मेंद्र को लेकर अपनी भावनाएं साझा कीं। दोहा में आयोजित होने वाले ‘दबंग: द टूर रीलोडेड’ के प्री-इवेंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब सलमान से पूछा गया कि उनकी प्रेरणा कौन रहे हैं, तो उन्होंने बिना किसी हिचक के कहा कि धर्मेंद्र ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा रहे हैं और वे उन्हें पिता समान मानते हैं। सलमान की यह बात सुनकर उपस्थित दर्शकों में भी भावुकता का माहौल बन गया।

यही नहीं, पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा ने धर्मेंद्र का एक वायरल वीडियो देखकर चिंता जताई। उन्होंने एक्स पर लिखा कि कुछ पल बेहद निजी होते हैं और उन्हें निजी ही रहने दिया जाना चाहिए। कठिन समय में संवेदनशीलता और सम्मान दिखाना सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अफवाहें फैलाने और अनसेंसिटिव चर्चाओं से दूर रहने की अपील की।

अभिनेत्री जया प्रदा ने भी धर्मेंद्र के स्वास्थ्य को लेकर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि धरम जी हमेशा से फिल्म इंडस्ट्री के लिए शक्ति, प्रेरणा और सौम्यता के प्रतीक रहे हैं। उन्होंने दिल से प्रार्थना की कि धर्मेंद्र जल्द स्वस्थ होकर अपनी पुरानी ऊर्जा और मुस्कान के साथ सभी का मन मोहते रहें।

इस बीच भारतीय फिल्म और टेलीविजन निदेशक संघ (IFTDA) ने भी धर्मेंद्र की बीमारी को लेकर पपराज़ी द्वारा की जा रही बिना अनुमति की कवरेज पर कड़ी आपत्ति जताई है। अध्यक्ष अशोक पंडित ने कहा कि कुछ लोगों ने जिस असंवेदनशील तरीके से रिपोर्टिंग की, वह निंदनीय और अनैतिक है। इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है और संघ चाहता है कि इस तरह की हरकतें आगे न हों, इसके लिए कड़े कदम उठाए जाएं।

फिल्म जगत, खेल जगत और देशभर से धर्मेंद्र के जल्द स्वस्थ होने की दुआएं लगातार आती जा रही हैं। परिवार ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे अफवाहों से दूर रहें और बस प्रार्थनाओं में उनका साथ दें।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article