खागा। नगर पंचायत खागा के वार्ड नंबर पांच विवेकानंद नगर की महिलाओं ने संपूर्ण समाधान दिवस में प्रधानमंत्री आवास योजना में हो रही अनियमितताओं को लेकर शिकायत दर्ज कराई। महिलाओं का आरोप है कि लालच के चलते लेखपाल और अन्य संबंधित अधिकारी आवासीय फाइलों को आगे नहीं बढ़ा रहे हैं, जिससे कई पात्र लाभार्थियों की फाइलें नगर पंचायत में लंबित पड़ी हुई हैं।
विवेकानंद नगर गोपालपुर निवासी ज्ञान सिंह, शिवपूजन समेत कई परिवारों की महिलाएं समाधान दिवस में पहुंचीं। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अपात्र लोगों को आवास का लाभ दिया जा रहा है, जबकि पात्र परिवारों को जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है। यही स्थिति वार्ड नंबर छह सरदार भगत सिंह नगर और अन्य वार्डों में भी बताई गई, जहां योग्य परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित हैं।
महिलाओं ने लंबित आवासीय फाइलों के शीघ्र निस्तारण और निष्पक्ष जांच की मांग की। इस पर एसडीएम अभिनीत कुमार ने नगर पंचायत को पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
चक मार्ग पर कब्जे की शिकायत भी दर्ज
समाधान दिवस में तहसील क्षेत्र के ऐरायां सादात निवासी किशोर ने भी शिकायत की। उन्होंने बताया कि गांव की आबादी के किनारे बना चक मार्ग, जिससे ग्रामीणों का आवागमन होता है, उस पर दो भाइयों ने कब्जा कर निर्माण शुरू कर दिया है। यदि निर्माण नहीं रोका गया तो रास्ता पूरी तरह बंद हो जाएगा, जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है। प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।


