28 C
Lucknow
Friday, March 27, 2026

प्रतियोगी परीक्षार्थी की मौत, दो पन्नों का पत्र बरामद, जांच में जुटी पुलिस

Must read

कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र के होरा बांगर नई बस्ती में मंगलवार सुबह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 25 वर्षीय छात्र अजीत कुमार का शव कमरे में मिला। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक अजीत यादव उर्फ जीतू मूल रूप से कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र के रहने वाले थे। उनके पिता जयवीर सिंह सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में केसा में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। परिवार में माता मोना देवी और एक बड़ा भाई पुष्पेंद्र हैं। परिजनों के अनुसार अजीत बीते करीब तीन वर्षों से नारामऊ क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे।
बताया गया कि अजीत दिल्ली पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक पद की परीक्षाएं दे चुके थे। सोमवार रात से उनसे संपर्क नहीं हो पाया। मंगलवार सुबह कोचिंग जाने वाले मित्र ने फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव न होने पर वह कमरे पर पहुंचा, जहां अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जांच के दौरान कमरे से दो पन्नों का एक पत्र बरामद हुआ है, जिसमें छात्र ने अपने परिवार के प्रति भावनात्मक बातें लिखी हैं और कुछ निजी कारणों का उल्लेख किया है। मौके से कुछ अन्य वस्तुएं भी मिली हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है।
बिठूर थाना प्रभारी ने बताया कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। परिजनों और परिचितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article