नई दिल्ली/लखनऊ: उत्तर भारत (North India) में सर्दी ने एक बार फिर तीखा रुख अपना लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में शीतलहर (cold wave) और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो रही है, जिसका सीधा असर मैदानी इलाकों में महसूस किया जा रहा है।
IMD का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक ठंडी हवाओं की रफ्तार तेज रहेगी, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। तापमान के ताज़ा आंकड़े देखें तो दिल्ली-एनसीआर मे अधिकतम तापमान: 16 से 18 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान: 7 से 9 डिग्री सेल्सियस,सामान्य से 4–5 डिग्री कम तापमान, सुबह-शाम घना कोहरा।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान: 5 से 8 डिग्री सेल्सियस,पश्चिमी व मध्य यूपी में कोल्ड डे जैसी स्थिति 10 से अधिक जिलों में घने कोहरे की चेतावनी है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी, कई स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, बिहार मे रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट, दृश्यता घटकर 50–100 मीटर तक नापी गईं।
बारिश-बर्फबारी से बढ़ेगी सर्दी
मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और हल्की-मध्यम बारिश के चलते ठंडी हवाएं मैदानी क्षेत्रों की ओर बढ़ रही हैं। इसका असर अगले 48 से 72 घंटे तक बना रहेगा। कई स्थानों पर कोहरे के कारण रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित हो सकता है। शीतलहर और कोहरे के कारण सुबह-शाम सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हो रही है।
खेतों में काम करने वाले किसान, दिहाड़ी मजदूर और खुले में रहने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। अस्पतालों में सर्दी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। IMD ने संकेत दिए हैं कि ठंड का यह दौर अभी कुछ दिन और जारी रह सकता है और जनवरी के पहले सप्ताह तक सर्दी और तीखी हो सकती है।


