शुभम जायसवाल के परिजनों से होगी पूछताछ, ईडी ने मां-बहन को किया तलब
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अवैध कोडीन कफ सिरप सिंडिकेट के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इस प्रकरण में मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल से जुड़े लोगों पर अब जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। ईडी ने शुभम जायसवाल के परिजनों से पूछताछ का फैसला किया है और इसके लिए उन्हें दोबारा तलब किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, जांच में सामने आया है कि शुभम जायसवाल ने अपनी मां और बहन के नाम पर भी फर्जी फर्में खोली थीं, जिनका इस्तेमाल अवैध कफ सिरप के कारोबार और धन शोधन के लिए किया गया।
अगले सप्ताह मां-बहन से पूछताछ
ईडी ने इस मामले में शुभम जायसवाल की मां और बहन को अगले सप्ताह पूछताछ के लिए तलब किया है। एजेंसी यह जानने की कोशिश कर रही है कि—
फर्जी फर्मों की जानकारी उन्हें थी या नहीं उनके नाम पर खोले गए खातों में लेन-देन कैसे हुआ
अवैध कमाई को किन-किन माध्यमों से खपाया गया।
प्रवर्तन निदेशालय का मानना है कि यह सिंडिकेट सिर्फ नशीले कफ सिरप की तस्करी तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके जरिए बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग भी की गई। इसी कारण अब जांच केवल आरोपी तक नहीं, बल्कि उसके पूरे नेटवर्क और परिजनों तक पहुंच चुकी है।
इससे पहले भी ईडी शुभम जायसवाल से कई दौर की पूछताछ कर चुकी है। जांच में लगातार नए दस्तावेज, बैंक खातों और लेन-देन सामने आने के बाद एजेंसी ने परिवार की भूमिका की भी गहन जांच का निर्णय लिया है।
कोडीन कफ सिरप सिंडिकेट मामले में ईडी की कार्रवाई से साफ है कि एजेंसी अब पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने के मूड में है। आने वाले दिनों में पूछताछ के बाद इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।






