फर्रुखाबाद| राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को अब ठंड से राहत मिलने लगी है। अस्पताल में भर्ती मरीजों, विशेष रूप से प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं के लिए हीटर और कंबल की समुचित व्यवस्था कर दी गई है। यह व्यवस्था मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अविनेंद्र कुमार के औचक निरीक्षण के बाद की गई, जिसमें अस्पताल की कई कमियां सामने आई थीं।
बीते दिनों सीएमओ डॉ. अविनेंद्र कुमार ने राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का अचानक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रसव कक्षों की स्थिति का जायजा लिया, जहां यह पाया गया कि ठंड के मौसम के बावजूद महिला मरीजों के लिए हीटर की कोई व्यवस्था नहीं थी। कई प्रसूता महिलाओं को ठंड में बिना पर्याप्त सुविधाओं के इलाज कराना पड़ रहा था, जिसे सीएमओ ने गंभीर लापरवाही माना। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल प्रभाव से हीटर और कंबल की व्यवस्था कराने के सख्त निर्देश दिए थे।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पताल परिसर में गंदगी और अव्यवस्था पर भी नाराजगी जताई थी। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को संतोषजनक नहीं पाया और अस्पताल परिसर, वार्डों व प्रसव कक्षों में नियमित और बेहतर सफाई कराने के आदेश दिए थे। सीएमओ के निर्देशों के बाद अस्पताल प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए प्रसव कक्षों में हीटर लगवाए और मरीजों के लिए पर्याप्त संख्या में कंबल उपलब्ध कराए। साथ ही अस्पताल परिसर में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई का कार्य भी शुरू कराया गया है, ताकि मरीजों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमीत राजपूत ने बताया कि सीएमओ के निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया गया है। उन्होंने कहा कि अब अस्पताल में आने वाले मरीजों को ठंड से बचाव के लिए हीटर और कंबल की सुविधा दी जा रही है तथा साफ-सफाई व्यवस्था को भी लगातार बेहतर किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन का प्रयास है कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।




