34 C
Lucknow
Monday, April 6, 2026

बारिश-ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के लिए सीएम योगी का बड़ा राहत पैकेज

Must read

नुकसान का तत्काल सर्वे, समयबद्ध मुआवजा और लापरवाही पर सख्ती के निर्देश
लखनऊ। प्रदेश में हाल ही में हुई असमय बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए व्यापक नुकसान को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को बड़ी राहत देने के लिए सख्त और स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में बिना देरी किए फसल नुकसान का आकलन किया जाए और पात्र किसानों को समयबद्ध तरीके से मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से राजस्व विभाग, कृषि विभाग और जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि वे संयुक्त रूप से सर्वे कर वास्तविक नुकसान का आंकलन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी किसान के साथ अन्याय न हो और पारदर्शिता के साथ राहत कार्य सुनिश्चित किए जाएं।
हर हाल में मिले उचित मुआवजा
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि जिन किसानों की फसलें बारिश और ओलावृष्टि से बर्बाद हुई हैं, उन्हें शासन की ओर से निर्धारित मानकों के अनुसार उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मुआवजा वितरण में अनावश्यक देरी न हो, ताकि किसानों को तुरंत राहत मिल सके।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर राहत कार्यों में लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे स्वयं इस प्रक्रिया की निगरानी करें और रिपोर्ट शासन को भेजें।
किसानों को हर संभव मदद का भरोसा
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि प्रभावित किसानों को बीमा योजनाओं और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ भी समय पर मिले।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article