मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में सुनी फरियादें, बच्चों को दुलारकर दिया विश्वास

0
30

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को यहां अपने सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश भर से आए फरियादियों से मुलाकात की। जनता की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से सुनने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में 42 से अधिक लोग पहुंचे। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक पीड़ित से व्यक्तिगत रूप से समस्या जानी और तत्काल समाधान तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान जमीनी विवाद, राजस्व प्रकरण, पुलिस कार्रवाई और सामाजिक उत्पीड़न से जुड़े कई मामले सामने आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस कार्रवाई में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस आयुक्त, एडीजी, एसएसपी और एसपी को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं की नियमित निगरानी करें और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

जनता दर्शन के दौरान दो फरियादियों ने अतिरिक्त आर्थिक मदद की मांग की, जिस पर मुख्यमंत्री ने दोनों को आवश्यक सहायता देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर पीड़ित के साथ खड़ी है और खासतौर पर चिकित्सा सहायता के लिए जरूरतमंदों को निरंतर आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जा रही है। सीएम ने उन्हें सलाह दी कि चिकित्सा से संबंधित आवश्यक एस्टिमेट उपलब्ध कराएं ताकि तुरंत सहायता दी जा सके।

कार्यक्रम में कई अभिभावक बच्चों को भी साथ लेकर आए थे। मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेहपूर्वक दुलारा, उनका हालचाल पूछा और उन्हें चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया। योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने, आगे बढ़ने और प्रदेश व देश का नाम रोशन करने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार न केवल पीड़ितों की मदद के लिए बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here