सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश स्वदेशी हो दीपावली, शांति सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर

0
43

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों और प्रदेश की कानून-व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष दीपावली ‘स्वदेशी की भावना’ के साथ मनाई जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर वर्ग के लोग पर्वों पर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करें। उन्होंने कहा — “स्वदेशी हो दीपावली केवल नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और सशक्त उत्तर प्रदेश की दिशा में सामूहिक संकल्प है।”

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को धरातल पर उतरकर तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा, दशहरा और मिशन शक्ति जैसे बड़े आयोजन प्रशासन और पुलिस की कुशलता से संपन्न हुए हैं, जिससे प्रदेश की सकारात्मक छवि मजबूत हुई है। अब दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और छठ पर्व जैसे आयोजनों में भी यही दक्षता दिखाई जानी चाहिए।

योगी ने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव और काशी की देव दीपावली अब केवल धार्मिक नहीं, बल्कि पूरे देश की पहचान बन चुके हैं। लाखों श्रद्धालु और पर्यटक इन आयोजनों में शामिल होते हैं। ऐसे में सुरक्षा, यातायात और सभी व्यवस्थाओं की निगरानी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि “जब अयोध्या में दीप जगमगाते हैं और काशी के घाटों पर प्रकाश फैलता है, तो यह दृश्य पूरी दुनिया को मंत्रमुग्ध कर देता है, ऐसे पावन क्षणों में किसी भी प्रकार का व्यवधान अस्वीकार्य है।”

सीएम ने कहा कि पर्वों के उल्लासमय माहौल को असामाजिक तत्व बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए खुफिया तंत्र को सक्रिय और पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शांति और सौहार्द्र बिगाड़ने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।

मुख्यमंत्री ने दीपावली के दौरान पर्यावरण और जीवन के लिए हानिकारक पटाखों पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखों की दुकानें आबादी से दूर लगें और वहां फायर टेंडर की पर्याप्त व्यवस्था हो। दूध, खोया, पनीर और मिठाई में मिलावट रोकने के लिए एफएसडीए और जिला प्रशासन को जांच तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

योगी ने यह भी कहा कि “स्वदेशी मेलों का आयोजन 10 अक्टूबर से सभी जिलों में किया जाए” ताकि लोग स्वदेशी उत्पाद खरीदें और विक्रेताओं को भी बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा — “गर्व से कहो यह स्वदेशी है” की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाए।

सीएम ने आगामी यूपी लोक सेवा आयोग की परीक्षा को लेकर भी सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा की निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी संदिग्ध को चिन्हित कर तत्काल जेल भेजा जाए।

नगर निकायों को निर्देश दिए गए कि पर्वों से पहले सफाई अभियान चलाएं, सड़कों और गलियों में रोशनी सुनिश्चित करें तथा जलभराव की समस्या का समाधान करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज शांति, सुरक्षा और विकास की धुरी पर खड़ा है, और यही नई पहचान पूरे देश के सामने प्रस्तुत की जानी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here