लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि पहले प्रदेश के कोऑपरेटिव बैंकों की हालत बेहद खराब थी, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। अब कोऑपरेटिव बैंक डिफाल्टर नहीं हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था लगातार आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों को समृद्ध और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। इसी दिशा में सरकार ने किसानों के लिए 10 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में इस सीमा को बढ़ाकर 15 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार की नीतियों का सीधा लाभ गांव, किसान और सहकारी संस्थाओं को मिल रहा है। कोऑपरेटिव बैंकों की वित्तीय स्थिति में सुधार से किसानों को समय पर ऋण मिल पा रहा है, जिससे खेती, पशुपालन और ग्रामीण रोजगार को मजबूती मिली है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि डबल इंजन सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के इस बयान को प्रदेश में कृषि और सहकारिता क्षेत्र के लिए बड़ा सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।






