जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी ने सुनीं फरियादें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

0
32

लखनऊ| राजधानी में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जिलों से आए फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी आवेदकों के प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व प्रभावी कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य हर जरूरतमंद तक न्याय पहुंचाना है और इसके लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार है।

जनता दर्शन में शाहजहांपुर से आए एक किसान ने धान खरीद केंद्र पर लापरवाही की शिकायत मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार अन्नदाता किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है और किसी भी किसान को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने शाहजहांपुर के जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि सभी धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि धान लेकर आने वाले किसानों के साथ संवेदनशीलता से व्यवहार किया जाए।

इसी दौरान पीएसी के एक सिपाही ने भी अपनी व्यक्तिगत समस्या मुख्यमंत्री को बताई। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी को उसका प्रार्थना पत्र सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं प्रयागराज से आए कई फरियादियों की शिकायतों को भी मुख्यमंत्री ने गंभीरता से सुना और प्रयागराज के जिला एवं पुलिस प्रशासन को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि सरकार पहले दिन से ही प्रदेशवासियों की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। बीते साढ़े आठ वर्षों में जनता की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने के लिए सरकार लगातार और नियमित रूप से कार्य कर रही है। हर जरूरतमंद की मदद करना ही सरकार का मूल उद्देश्य है।

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अभिभावकों के साथ आए बच्चों से भी स्नेहपूर्वक मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से उनका नाम पूछा, उन्हें चॉकलेट दी और मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। साथ ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद भी दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here