सीएम योगी ने किया संगम पर गंगा पूजन, माघ मेले की तैयारियों की समीक्षा और हनुमान मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा में हुए शामिल

0
31

प्रयागराज| मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को संगम नगरी प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्होंने संगम पर गंगा पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री का आगमन पूर्वाह्न 10:30 बजे हुआ, जिसके बाद वे सीधे विधायक हर्षवर्धन वाजपेई के आवास पहुंचे और वहां स्थापित पवनसुत हनुमान जी की नई मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा विधि में शामिल हुए। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संगम पर मुख्यमंत्री के आगमन के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संगम के बीच एक फ्लोटिंग जेटी (तैरता हुआ घाट) बनाया गया, ताकि गंगा स्नान में किसी भी प्रकार की बाधा न आए और लोग सामान्य दिनों की तरह आसानी से स्नान कर सकें। मुख्यमंत्री योगी ने यहां विधि-विधान से गंगा पूजन किया और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने आगामी माघ मेला 2026 की तैयारियों की गहन समीक्षा की। अधिकारियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, पेयजल, मेडिकल सुविधाओं और श्रद्धालुओं की सहज आवाजाही को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि माघ मेला उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर है, इसलिए इसकी तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।अपने प्रवास के दौरान सीएम योगी ने विधायक हर्षवर्धन वाजपेई के आवास पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और मुख्यमंत्री के आगमन से क्षेत्र का माहौल धार्मिक उत्साह से भर उठा। इस दौरान मंत्री स्वतंत्र देव सिंह नंदकुमार गुप्ता नंदी आदि मौजूद रहे।

लेटे हनुमान मंदिर पहुंचे योगी, विधि-विधान से किया पूजन

प्रयागराज| दौरे के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को ऐतिहासिक लेटे हनुमान जी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। मंदिर में पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने हनुमान जी के दर्शनों के बाद प्रदेश की शांति, समृद्धि और जनता की कुशलता की प्रार्थना की।

मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मुख्यमंत्री के आगमन के साक्षी बने। मंदिर प्रशासन ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा लेटे हनुमान जी के दर्शन और पूजन को लेकर विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे पूरा वातावरण भक्ति और श्रद्धा से भर गया।

प्रयागराज में अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने धार्मिक स्थलों पर जाकर आशीर्वाद लिया और शहर में चल रही व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से संवाद भी किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here