मुख्यमंत्री योगी ने संत शिरोमणि साईं चांडूराम जी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

0
54

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को राजधानी लखनऊ स्थित शिव शांति आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने आश्रम के पीठाधीश्वर संत शिरोमणि साईं चांडूराम जी के पार्थिव शरीर के दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने संत शिरोमणि के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और उपस्थित शोकाकुल श्रद्धालुओं के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री योगी ने इस अवसर पर संत शिरोमणि साईं चांडूराम जी के पार्थिव शरीर पर केसरिया अंग वस्त्र ओढ़ाया और उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। आश्रम परिसर में मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सभी ने संत शिरोमणि साईं चांडूराम जी के प्रति गहरी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।

गौरतलब है कि संत शिरोमणि साईं चांडूराम जी बुधवार को ब्रह्मलीन हो गए थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए अपने सोशल मीडिया संदेश में लिखा था, “सिंधी समाज के प्रमुख धर्मगुरु, पूज्य श्री शांति आश्रम के पीठाधीश्वर, संत शिरोमणि श्री साईं चांडूराम साहिब जी का निधन अत्यंत दु:खद और आध्यात्मिक समाज की अपूरणीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं उनके शोक संतप्त अनुयायियों के साथ हैं। भगवान झूलेलाल से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और अनुयायियों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!”

श्रद्धालुजन व अनुयायियों ने संत शिरोमणि के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हुए उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here