फर्रुखाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के एस स्पेशल ड्यूटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) कार्यक्रम के दौरान मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के तुर्कीपुर गांव में सोमवार शाम करीब चार बजे एक शर्मनाक और गंभीर घटना सामने आई। गांव की बीएलओ उर्मिला देवी अपने दायित्व का पालन करते हुए मतदाताओं द्वारा भरे गए फॉर्म एकत्र कर रही थीं। इसी दौरान युवक अनस उर्फ गुड्डू से फॉर्म जमा करने का आग्रह किया गया।
सूत्रों के अनुसार, अनस फॉर्म जमा करने में आनाकानी करने लगा और अपने विरोध में उग्र प्रतिक्रिया व्यक्त करने लगा। जब बीएलओ उर्मिला देवी ने उसे शांति से और तुरंत फॉर्म जमा करने के लिए कहा, तो अनस गुस्से में आ गया और बीएलओ को गालियां देने लगा। आसपास मौजूद कुछ ग्रामीणों ने उसे शांत करने का प्रयास किया, लेकिन अनस ने अपनी हिंसक प्रवृत्ति दिखाते हुए एसआईआर के फॉर्म फाड़ दिए और उन्हें सीधे बीएलओ के चेहरे पर फेंक दिया। इस घटना से बीएलओ उर्मिला देवी काफी आहत और भयभीत हो गईं।
घटना की जानकारी मिलने पर मऊदरवाजा थाना के थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत तुर्कीपुर गांव पहुंचे और आरोपी अनस के घर दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। पीड़िता बीएलओ उर्मिला देवी की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर दी गई। पुलिस ने बताया कि अनस को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के किसी भी कार्यक्रम के संचालन में बाधा डालने या असहयोग करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसे मामलों में प्रशासन का सहयोग करें और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रकार के व्यवधान की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें।





