‘सरकार आने पर संविदाकर्मी होंगे स्थाई, जीविका दीदियों को भी मिलेगी पक्की नौकरी’
पटना। विधानसभा चुनाव से पहले बिहार की सियासत में एक बड़ा दांव खेलते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को संविदा पर कार्यरत लाखों कर्मचारियों के हित में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में उनकी सरकार बनी तो सभी संविदाकर्मियों को स्थाई किया जाएगा।
तेजस्वी ने कहा कि “आज बिहार के संविदाकर्मी बिना जॉब सिक्योरिटी के काम कर रहे हैं। उनकी मेहनत का शोषण हो रहा है, उन्हें ना तो पक्का दर्जा मिला है और ना ही भविष्य की गारंटी। हमारी सरकार बनते ही सभी संविदा कर्मचारियों को स्थाई किया जाएगा ताकि उन्हें सम्मानजनक जीवन और नौकरी की सुरक्षा मिल सके।”
उन्होंने आगे कहा कि जीविका दीदियों को भी स्थाई नौकरी दी जाएगी, क्योंकि उन्होंने गांव-गांव जाकर महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन का काम किया है।
इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने राज्य में दो नई योजनाओं की भी घोषणा की —‘बेटी योजना’ और ‘मां योजना’,जिनका उद्देश्य महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को मजबूत करना होगा।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ‘MAA योजना’ के तहत हर परिवार को मकान, आमदनी और अन्न की गारंटी देगी।
तेजस्वी ने कहा, “बिहार की जनता महंगाई, बेरोजगारी और पलायन से त्रस्त है। अब वक्त है एक नई दिशा देने का — जहां रोजगार मिलेगा, महिलाएं सशक्त होंगी और युवाओं को सुरक्षित भविष्य मिलेगा।”
इस ऐलान को बिहार के संविदाकर्मी वर्ग और महिला स्व-सहायता समूहों के बीच बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। चुनावी माहौल में यह कदम राज्य की राजनीति को नया मोड़ दे सकता है।






