कंपिल (फर्रुखाबाद)। थाना कंपिल क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं। बीती रात चोरों ने बड़ी ही चालाकी से पेड़ के सहारे छत पर चढ़कर एक बीज भंडार की दुकान में घुसकर नगदी सहित हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। सुबह दुकान खोलने पर दुकानदार को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव खेतलपुर सौरिया निवासी विनीत चौहान उर्फ श्यामू की बीज भंडार की दुकान कंपिल-अलीगंज मार्ग पर कटिया रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित है। बताया गया है कि शनिवार देर शाम विनीत रोजाना की तरह दुकान बंद कर ताला लगाकर अपने घर चले गए थे।
रात के किसी समय अज्ञात चोर दुकान के पीछे खड़े एक पेड़ के सहारे छत पर चढ़ गए। इसके बाद चोरों ने सीढ़ियों में लगे गेट का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए। चोरों ने दुकान के अंदर रखे लगभग 80 हजार रुपये कीमत का सामान और करीब 12 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली।
चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोर पिलर में लगी सरिया के सहारे छत से ही बाहर निकल गए और फरार हो गए। रविवार सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा तो ताला टूटा देखकर उसके होश उड़ गए। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और नगदी सहित कई सामान गायब था।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच पड़ताल शुरू की।
पीड़ित दुकानदार ने थाना कंपिल पहुंचकर मामले की लिखित तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
पेड़ के सहारे छत पर चढ़कर बीज भंडार की दुकान में चोरी, नगदी व हजारों का सामान पार


