31 C
Lucknow
Wednesday, February 25, 2026

अमृतपुर में चोर बेखौफ, पुलिस बेअसर! ट्रांसफार्मर से तेल-तार और भैंस तक गायब, कार्रवाई शून्य

Must read

अमृतपुर फर्रुखाबाद| अमृतपुर थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरी की वारदातें तेजी से बढ़ रही हैं और हालात ऐसे बनते जा रहे हैं कि आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। नगला हूसा स्थित पेट्रोल पंप के पास रखे ट्रांसफार्मर से चोरों द्वारा तेल और तार निकाल लिए जाने की ताजा घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी पुराने बस अड्डे पर रखे ट्रांसफार्मर से इसी तरह तेल और तार चोरी कर लिए गए थे, लेकिन अब तक किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
ग्रामीणों के अनुसार चोर रात के अंधेरे में बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से ऐसा प्रतीत होता है मानो अपराधियों को पुलिस का कोई डर ही नहीं रह गया हो। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम उठाए गए होते तो शायद अपराधियों के हौसले इतने बुलंद न होते।
स्थिति केवल ट्रांसफार्मर चोरी तक सीमित नहीं है। कुछ ही दिन पहले बली पट्टी रानी गांव से एक भैंस चोरी कर ली गई थी, जिससे पशुपालकों में भारी चिंता व्याप्त है। इसके बाद कस्बा अमृतपुर में शोभित सिंह की भैंस चोरी करने का प्रयास किया गया। परिजनों ने जब चोरों को रंगे हाथ पकड़ने की कोशिश की तो आरोप है कि चोरों ने हमला कर दिया। हालांकि किसी तरह लोग सुरक्षित बच गए, लेकिन इस घटना ने साफ कर दिया कि अपराधी अब टकराव से भी पीछे नहीं हट रहे हैं।
लगातार हो रही चोरियों और हमले की घटनाओं के चलते ग्रामीण रात-रात भर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। कई परिवार अपने जानवरों को घर के अंदर बांधने लगे हैं और कीमती सामान को सुरक्षित रखने के लिए अतिरिक्त इंतजाम कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब आम नागरिकों को खुद ही सुरक्षा की जिम्मेदारी उठानी पड़ रही है, तो फिर पुलिस व्यवस्था का क्या मतलब रह जाता है।
क्षेत्रवासियों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि घटनाओं के बाद आश्वासन तो मिलते हैं, लेकिन धरातल पर परिणाम दिखाई नहीं देते। लगातार वारदातों से क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो हालात और बिगड़ सकते हैं। अब पूरे क्षेत्र की नजरें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि आखिर कब इन बेखौफ चोरों पर शिकंजा कसा जाएगा और लोगों को राहत मिलेगी।
हालांकि कार्यवाहक जेई शिवम तिवारी ने बताया है कि थाने में तहरीर दे दी गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article