– मई से शुरू होगा मिनी बस संचालन
लखनऊ। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना ने अब रफ्तार पकड़ ली है। इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर आवेदन प्राप्त हो रहे हैं और तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, लखनऊ सहित 20 क्षेत्रों से अब तक 1000 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। अकेले लखनऊ क्षेत्र से 42 आवेदन आए हैं, जबकि सहारनपुर में 144 और प्रयागराज में 118 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इससे साफ है कि योजना को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
योजना के तहत मई महीने से ग्रामीण क्षेत्रों में मिनी बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी है। इसके माध्यम से दूर-दराज के गांवों को जिला और तहसील मुख्यालयों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
सरकार की योजना के अनुसार, प्रदेश की 59,163 ग्राम पंचायतों को मुख्यालय से जोड़ने की कवायद चल रही है। इसके तहत करीब 12,200 गांवों में निजी मिनी बसों का संचालन शुरू किया जाएगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी।
अधिकारियों का कहना है कि इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में सुधार होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। साथ ही, यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना में तेजी, हजारों गांवों को जोड़ने की तैयारी


