16 C
Lucknow
Thursday, February 12, 2026

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड समीक्षा: कासगंज 56वीं रैंक पर, डीएम प्रणय सिंह ने दिए ‘ए’ श्रेणी में लाने के सख्त निर्देश

Must read

 

कासगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रणय सिंह की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनवरी 2026 माह की विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद को जनवरी माह में प्रदेश स्तर पर 56वीं रैंक प्राप्त होने की जानकारी दी गई, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए सी और डी श्रेणी में शामिल विभागों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि कुल 79 कार्यक्रमों में से 62 कार्यक्रम ‘ए’ श्रेणी, 07 कार्यक्रम ‘बी’ श्रेणी, 05 कार्यक्रम ‘सी’ श्रेणी तथा 05 कार्यक्रम ‘डी’ श्रेणी में दर्ज किए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि लक्ष्य केवल औसत प्रदर्शन नहीं, बल्कि जनपद को शीर्ष 10 जिलों में शामिल कराना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति में ठोस सुधार लाते हुए फरवरी माह में बेहतर रैंकिंग सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पीएम पोषण विद्यालय निरीक्षण कार्यक्रम की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए नियमित मॉनिटरिंग और शत-प्रतिशत निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त उद्योग को विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, ओडीओपी टूल किट योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कर फरवरी में ‘ए’ श्रेणी प्राप्त करने का लक्ष्य दिया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी को आईसीडीएस पोषण अभियान की प्रगति सुधारने तथा लाभार्थियों के सत्यापन और फीडिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को पूर्व दशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं में प्राप्त डेटा को शत-प्रतिशत पोर्टल पर अग्रसारित करने के निर्देश दिए गए। अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को उन कॉलेजों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए, जिन्होंने जनवरी माह की प्रगति में डेटा फॉरवर्ड नहीं किया है।
इसके अतिरिक्त जिला समाज कल्याण अधिकारी को सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तिथि तय कर व्यापक स्तर पर आयोजन कराने तथा पात्र जोड़ों का समय से पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विभागवार नियमित समीक्षा जारी रहेगी।
बैठक में जिला वनाधिकारी संजीव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, जिला परियोजना निदेशक विकल कुमार, उपजिलाधिकारी एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, उपजिलाधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article