बदायूं
कर्नाटक के करेकाटे गांव के पास स्थित एक फैक्टरी में केमिकल टैंक में हुए भीषण विस्फोट में तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में बदायूं जिले के थाना अलापुर क्षेत्र के गांव गभियाई निवासी कल्लू (30) पुत्र मासूक अली भी शामिल हैं। हादसे में गांव के ही कासिम अंसारी (25) घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, फैक्टरी में अचानक केमिकल टैंक में ब्लास्ट हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में बिहार के दो अन्य श्रमिकों की भी मौत हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक और घायल मजदूरों के परिजनों में कोहराम मच गया।
ककराला निवासी ठेकेदार गुड्डू ने परिजनों को बताया कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को विमान से बदायूं भेजा जाएगा। प्रशासनिक स्तर पर भी शव को शीघ्र गृह जनपद पहुंचाने की तैयारी की जा रही है, ताकि अंतिम संस्कार कराया जा सके।
मृतक कल्लू मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। परिजनों के मुताबिक उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी। रहने के लिए खपरैल का मकान है और खेती के लिए जमीन भी नहीं है। कल्लू की मौत के बाद परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि कर्नाटक में हुए इस केमिकल टैंक ब्लास्ट में जिले के एक युवक की मौत की सूचना प्राप्त हुई है। तहसील प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई और परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।


