– बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के काटे चालान, नियमों के पालन की दी गई हिदायत
फर्रुखाबाद। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न तिराहों और चौराहों पर वाहनों की सघन जांच की गई तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर अभियान चलाकर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों के चालान काटे गए। इसके साथ ही जिन वाहनों के कागजात पूरे नहीं पाए गए, उनके खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान यातायात व्यवस्था में तैनात महिला सिपाहियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने नियमों का उल्लंघन कर वाहन चला रही महिलाओं के वाहनों की जांच कर उनके चालान किए और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई जारी रहेगी।
शहर में चला सघन यातायात चेकिंग अभियान


