नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। दीपावली के त्यौहार के बीच थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला के साथ उसके जेठ द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगा है। पीड़िता के पति ने दिल्ली से लौटकर अपने ही बड़े भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम उखरा निवासी गोविंद कुमार दिल्ली में नौकरी करते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बड़े भाई की पत्नी लगभग तीन माह पूर्व निधन हो गया था। दीपावली का त्यौहार आने पर गोविंद ने अपनी पत्नी उमा को गांव स्थित घर भेज दिया था।आरोप है कि 14 अक्टूबर की रात उमा अपने घर पर अकेली सो रही थी। तभी उसका जेठ सुमित दीक्षित दीवार फांदकर घर में घुस आया और जबरदस्ती उसके साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। उमा के शोर मचाने पर आस-पड़ोस के लोग जाग गए। शोरगुल सुनकर आरोपी मौके से भाग गया।घटना की सूचना उमा ने तुरंत अपने पति गोविंद को फोन पर दी। अगले दिन गोविंद दिल्ली से गांव पहुंचे और परिजनों से शिकायत की, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। इसके बाद आरोपी सुमित ने गोविंद से मारपीट की धमकी भी दी। आखिरकार पीड़ित ने थाना नवाबगंज पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।पुलिस ने जांच के बाद बीती रात आरोपी सुमित दीक्षित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पांडे ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर उप निरीक्षक हेमंत कुमार को विवेचना सौंपी गई है।





