खुद को किसान नेता बताकर ठगे 1.19 लाख रुपये, आंगनबाड़ी वर्कर भी आरोपी
बहराइच। जिले में मीट लाइसेंस दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। फखरपुर थाना क्षेत्र के जसीम अंसारी से कथित तौर पर 1 लाख 19 हजार रुपये की ठगी की गई।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने खुद को किसान नेता बताते हुए लाइसेंस दिलाने का भरोसा दिया और उनसे मोटी रकम वसूल ली। लेकिन न तो लाइसेंस दिलाया गया और न ही पैसा वापस किया गया।
मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों के खिलाफ फखरपुर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है। इनमें बहराइच की दो महिलाएं भी शामिल हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों में एक आंगनबाड़ी वर्कर अपर्णा सिंह का नाम भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की भूमिका की गहराई से पड़ताल की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।
इस घटना ने सरकारी लाइसेंस के नाम पर हो रही ठगी के मामलों को एक बार फिर उजागर कर दिया है, जिससे आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
मीट लाइसेंस दिलाने के नाम पर ठगी, चार पर FIR दर्ज


