राजेपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजेपुर में इन दिनों मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। शनिवार को अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिसके चलते उपचार के लिए लोगों को लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ा। भीड़ अधिक होने के कारण मरीजों को काफी देर तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा, जिससे कई लोग परेशान नजर आए।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को करीब 300 मरीज बुखार, सर्दी-जुकाम, खाज-खुजली और अन्य मौसमी बीमारियों की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे। इसके अलावा 20 गर्भवती महिलाओं की भी स्वास्थ्य जांच की गई। अस्पताल में तैनात डॉक्टर रजत कटियार ने सभी मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श भी दिया।
डॉ. रजत कटियार ने बताया कि इन दिनों बढ़ती गर्मी और मौसम में हो रहे बदलाव के चलते मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। खासकर बुखार, सर्दी-जुकाम और त्वचा संबंधी रोगों के मामले अधिक सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रशासन द्वारा सभी मरीजों की समुचित जांच कर उन्हें इलाज और दवा उपलब्ध कराई जा रही है।
सुबह करीब 10 बजे से ही दूर-दराज के गांवों से मरीजों का अस्पताल पहुंचना शुरू हो गया था, जिससे ओपीडी में भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति यह रही कि अस्पताल परिसर में लंबी-लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय के लिए मरीजों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। हालांकि मौके पर मौजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और मरीजों को व्यवस्थित तरीके से उपचार उपलब्ध कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल में अतिरिक्त डॉक्टरों और व्यवस्थाओं की आवश्यकता है, ताकि लोगों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके और अव्यवस्था की स्थिति से बचा जा सके।
सीएचसी में मरीजों की बढ़ती भीड़, ओपीडी में लंबी कतारों से मरीज परेशान


