रामनगर (नैनीताल)। जिम कॉर्बेट में आयोजित एक विशेष समारोह में एटा के जिला अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह चौहान ‘बबलू’ की पुत्री के विवाह उपलक्ष्य में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के वरिष्ठ राष्ट्रीय महामंत्री राघवेंद्र सिंह राजू शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने संगठन की भविष्य की रूपरेखा, एकता अभियान और आगामी राष्ट्रीय कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की।
राजू ने कहा कि संगठन का उद्देश्य “खाड़ी से पहाड़ी तक सामूहिक एकता” को मजबूत करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत प्रयासों से बढ़कर अब बड़े स्तर पर सभी को साथ लेकर चलने की आवश्यकता है, ताकि संगठनात्मक विस्तार और सामाजिक मजबूती दोनों सुनिश्चित हो सकें।
महामंत्री राजू ने जानकारी दी कि अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की राष्ट्रीय प्रतिनिधि आमसभा आगामी 28 दिसंबर को मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) में आयोजित की जाएगी। इस सम्मेलन में संगठन के महत्वपूर्ण निर्णय और 2026 के मिशन कार्यक्रमों पर रणनीति तय की जाएगी।
संगठन के विस्तार और युवा नेतृत्व को प्रोत्साहित करने के लिए 14 दिसंबर 2025 को मुरादाबाद के गौतम पैलेस सभागार, मुड़ापांडे में युवा परिचय एवं संवाद कार्यक्रम होगा।
राजू ने बताया कि 21 दिसंबर 2025 को बिधूना के राजूamau (औरैया) में उनके स्वर्गीय चाचा महेंद्र सिंह राजावत की पुण्यतिथि पर मूर्ति अनावरण एवं भंडारा का आयोजन होगा। यह कार्यक्रम उनके छोटे भाई, अछल्दा ब्लॉक प्रमुख डॉ. शरद प्रताप सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा।
संगठन के मिशन 2026 के तहत 9 जनवरी 2026 को अमरावती, महाराष्ट्र में महाराष्ट्र प्रदेश सम्मेलन एवं युवा राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित होगा। राजू ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे बड़ी संख्या में इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल हों।
मीडिया से बातचीत में राघवेंद्र सिंह राजू ने हजरतगंज कोतवाली, लखनऊ में सपा प्रवक्ता मनोज यादव के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर कहा कि उनके द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी न सिर्फ अनुचित है, बल्कि सभी धर्मों, समाजों और खासकर क्षत्रिय सम्मान पर सीधा आघात है।
राजू ने कहा —“हम सम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई लड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संत समाज और हमारे समुदाय के प्रति की गई अशोभनीय टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”


