देहरादून। उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होते ही श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। यात्रा के पंजीकरण खुलने के पहले ही दिन करीब 1.24 लाख श्रद्धालुओं ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चारधाम यात्रा के लिए सबसे अधिक पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए हुआ है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहले से ही तैयारी कर रहे हैं।
इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होगी। वहीं 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे, जबकि 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।
चारधाम यात्रा के लिए राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात और ठहरने की व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।
हर साल लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड के चार प्रमुख धाम केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। माना जाता है कि चारधाम यात्रा करने से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और पुण्य की प्राप्ति होती है।
इस बार भी यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और प्रशासन को उम्मीद है कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच सकते हैं।
चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, पहले दिन 1.24 लाख श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण


