लखनऊ। राजधानी में पेट्रोल पंपों की स्थिति बिगड़ती नजर आ रही है। शहर के कई इलाकों में पेट्रोल और डीजल को लेकर लोगों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई है, जिसके चलते पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।
जानकारी के अनुसार, जियामऊ स्थित पेट्रोल पंप पर हालात सबसे ज्यादा खराब दिखाई दिए, जहां वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि लाइन पेट्रोल पंप से निकलकर मुख्य सड़क तक पहुंच गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
कई जगहों पर लोगों ने डीजल न मिलने की शिकायत की है, जिससे ट्रांसपोर्ट और रोजमर्रा के कामकाज पर असर पड़ने लगा है। वहीं, पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर भी लोगों में संशय बना हुआ है, जिसके कारण लोग एहतियातन ज्यादा मात्रा में ईंधन भरवाने पहुंच रहे हैं।
पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी जैसे हालात के बीच आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग घंटों लाइन में लगने के बाद भी अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।
हालांकि, प्रशासन या तेल कंपनियों की ओर से अभी तक स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।
लखनऊ में पेट्रोल पंपों पर हाहाकार, लंबी कतारों से जाम जैसे हालात


