– चंद्रशेखर आज़ाद का यूपी सरकार पर बड़ा हमला
लखनऊ।आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने कन्नौज में राज्य मंत्री असीम अरुण के साथ हुए कथित व्यवहार को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री को एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया गया, लेकिन उन्हें करीब 45 मिनट तक इंतजार कराया गया और अंततः बिना कार्यक्रम के ही लौटना पड़ा।
चंद्रशेखर आज़ाद ने इस पूरे मामले को महज प्रशासनिक लापरवाही मानने से इनकार करते हुए इसे जातिगत मानसिकता से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि यह घटना दर्शाती है कि सत्ता के भीतर अब भी भेदभाव की सोच जिंदा है और दलित समाज से आने वाले जनप्रतिनिधियों को सम्मान नहीं दिया जा रहा।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक मंत्री के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है, तो आम दलित नागरिकों के साथ क्या स्थिति होगी। आज़ाद ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दल भी इस मुद्दे को लेकर सरकार पर हमलावर हो सकते हैं, वहीं अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार इस पूरे मामले पर क्या रुख अपनाती है और क्या कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आती है या नहीं।
“मंत्री को 45 मिनट इंतज़ार… दलित अपमान का आरोप!”


