मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, कई छात्र घायल, कैंपस में दहशत
कानपुर।
थाना नवाबगंज क्षेत्र स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में सोमवार को छात्रों के दो गुटों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट और बवाल की इस घटना से पूरे विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किसी छोटी सी कहासुनी को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक उग्र हो गया। दोनों पक्षों के छात्रों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और बेल्ट से हमला कर दिया। इस दौरान कई छात्रों के सिर फट गए और कुछ को गंभीर चोटें आईं। घायल छात्रों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें छात्र खुलेआम गुंडागर्दी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में कुछ छात्र एक-दूसरे को दौड़ाकर मारते दिख रहे हैं, जबकि अन्य छात्र भयभीत होकर इधर-उधर भागते दिखाई दे रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की चेतावनी भी दी है।
पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और सीसीटीवी के आधार पर उपद्रव में शामिल छात्रों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार आंतरिक अनुशासन समिति भी मामले की जांच करेगी।
इस घटना ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों और अभिभावकों ने परिसर में बढ़ती अराजकता पर चिंता जताई है और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here