– 9000 वर्ग मीटर जमीन से अतिक्रमण हटाया
ग्रेटर नोएडा। अवैध निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान चलाया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने हैबतपुर डूब और चिपियाना खुर्द क्षेत्र में बुलडोजर कार्रवाई करते हुए करीब 9000 वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।
हैबतपुर डूब में चला बुलडोजर
प्राधिकरण की कार्रवाई के तहत हैबतपुर डूब क्षेत्र में बने शिवम एन्क्लेव के अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार यह निर्माण बिना स्वीकृति के किया गया था और नियोजन नियमों का खुला उल्लंघन था। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद जांच कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
चिपियाना खुर्द में मकान और बाउंड्री वॉल तोड़ी
वहीं चिपियाना खुर्द गांव में भी प्राधिकरण ने सख्त कदम उठाते हुए अवैध रूप से बने मकान और बाउंड्री वॉल को गिरा दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
यह पूरी कार्रवाई एनजी रवि कुमार के स्पष्ट निर्देशों पर की गई। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा। बिना मानचित्र स्वीकृति के किसी भी तरह का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि जमीन खरीदने या निर्माण कराने से पहले प्राधिकरण से वैधता की जांच जरूर कर लें, ताकि भविष्य में नुकसान से बचा जा सके।
फिलहाल ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के इस एक्शन को शहरी नियोजन और सरकारी जमीन की सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।






