फर्रुखाबाद। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के अंतर्गत कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझा की अवैध बिक्री में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में खतरनाक मांझा बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर आलोक सिंह के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज हरीश चंदर के पर्यवेक्षण में की गई। कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान वसीम पुत्र जलील अहमद निवासी डबग्रान नलिया, थाना कोतवाली फर्रुखाबाद के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 08 प्लास्टिक के कार्टनों में भरी कुल 480 चरखी/कोन प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया, जिसे बाजार में खपाने की तैयारी थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार चाइनीज मांझा मानव जीवन, पशु-पक्षियों और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए अत्यंत घातक है। इसके उपयोग से पूर्व में कई गंभीर हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान तक जा चुकी है। इसी को देखते हुए शासन द्वारा इस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा उससे पूछताछ की जा रही है कि यह प्रतिबंधित मांझा कहां से लाया गया और किन-किन लोगों को इसकी आपूर्ति की जानी थी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here