चाइनीज़ मांझे से युवक की गर्दन कटी, हालात गंभीर

0
43

फर्रुखाबाद। शहर के कादरी गेट नगरपालिका गेट के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गुजर रहे एक युवक की गर्दन अचानक चाइनीज़ मांझे की जद में आ गई। शाहाबाद निवासी उमेश, जो अपने रिश्तेदारों से मिलने फर्रुखाबाद आए थे, हादसे का शिकार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उमेश बाइक से कादरी गेट क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी अचानक सड़क के ऊपर लटक रहे खतरनाक चाइनीज़ मांझे ने उनकी गर्दन को बुरी तरह चीर दिया। मांझा इतनी तेज़ था कि देखते ही देखते गर्दन से तेज़ रक्तस्राव शुरू हो गया। राहगीरों ने तुरंत उन्हें संभाला और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि त्योहारों के समय चाइनीज़ मांझे पर प्रतिबंध होने के बावजूद इसकी खुलेआम बिक्री बंद नहीं हुई है, जिसके कारण हर साल ऐसे हादसे सामने आते हैं। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते नियंत्रण न किया गया तो यह जानलेवा मांझा और कई निर्दोष लोगों की जान ले सकता है।
उधर घटना के बाद इलाके में गहरी नाराज़गी है। दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि नगरपालिका गेट के आसपास कई बार शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई न होने से ऐसे हादसे लगातार घटित हो रहे हैं।
उमेश के परिजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने प्रशासन से पूरी घटना की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि पुलिस और प्रशासनिक टीम ने क्षेत्र में जांच कर ऐसे खतरनाक मांझे बेचने वालों को चिन्हित करने की बात कही है, लेकिन स्थानीय लोगों का मानना है कि जब तक सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक चाइनीज़ मांझे का आतंक खत्म नहीं होगा।
इस दर्दनाक हादसे ने फिर साबित कर दिया कि प्रतिबंधित मांझे की अनदेखी किसी की भी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here