फर्रुखाबाद (राजेपुर)। जनपद के राजेपुर थाना क्षेत्र में टप्पेबाजी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ई-रिक्शा में यात्रा कर रही एक बुजुर्ग महिला को शातिर महिलाओं ने अपना निशाना बना लिया। भीड़भाड़ और चालाकी का फायदा उठाकर आरोपियों ने महिला के गले से कीमती सोने की चेन पार कर दी और मौके से फरार हो गईं। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को आरोपियों की तलाश में मदद मिल रही है।
जानकारी के अनुसार थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम हरिहरपुर निवासी 75 वर्षीय राजेश्वरी देवी, पत्नी कृष्णपाल, राजेपुर कस्बे से ई-रिक्शा के जरिए अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कस्बे के तिराहे से दो महिलाएं और एक युवती उसी ई-रिक्शा में सवार हो गईं। यात्रा के दौरान आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देने की साजिश रची।
बताया गया है कि ई-रिक्शा में बैठी एक महिला बार-बार जानबूझकर राजेश्वरी देवी के पैर पर पैर रखकर उन्हें असहज कर रही थी। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो वह महिला उनसे उलझकर उनका ध्यान भटकाने लगी। इसी बीच दूसरी महिला ने मौका पाकर बड़ी सफाई से उनके गले से लगभग एक तोला वजनी सोने की चेन निकाल ली, जिसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी जा रही है।
घटना को अंजाम देने के बाद तीनों महिलाएं मोहद्दीपुर के पास ई-रिक्शा से उतरकर फरार हो गईं। कुछ दूरी तय करने के बाद जब राजेश्वरी देवी को अपने गले में हल्कापन महसूस हुआ और उन्होंने देखा तो चेन गायब थी। इसके बाद उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका।
घटना से आहत पीड़िता ने थाना राजेपुर पहुंचकर तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष सुदेश कुमार के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


