प्रदूषण बढ़ने से AQI पहुंचा 225, हाईवे पर धीमी पड़ी वाहनों की रफ्तार
फर्रुखाबाद। जिले में मंगलवार को आसमान से लेकर सड़कों तक घनी धुंध जैसी स्थिति देखने को मिली। सुबह से ही वातावरण में धुंध की परत छाई रही, जिससे लोगों को कोहरे जैसा नजारा दिखाई दिया। अचानक बदले इस माहौल को देखकर लोग भी हैरान रह गए।
जानकारी के अनुसार बढ़ते प्रदूषण के कारण जिले का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) करीब 225 तक पहुंच गया, जो स्वास्थ्य के लिहाज से खराब श्रेणी में माना जाता है। हवा में प्रदूषण और धूल के कण बढ़ने से दृश्यता भी प्रभावित हुई।
इसका असर इटावा-बरेली हाईवे पर भी देखने को मिला, जहां धुंध की वजह से वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। वाहन चालक हेडलाइट जलाकर सावधानी से वाहन चलाते नजर आए।
विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में बदलाव, ठंडी हवा और बढ़ते प्रदूषण के कारण ऐसी स्थिति बन रही है। प्रदूषण बढ़ने से सांस और एलर्जी से जुड़ी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं।
बॉक्स
स्वास्थ्य के लिए खतरनाक स्तर
AQI का स्तर 200 से ऊपर पहुंचने पर हवा की गुणवत्ता खराब मानी जाती है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
फर्रुखाबाद में आसमान से सड़कों तक छाई धुंध


